UP:बेखौफ चालक ओवरलोड सवारियां लादकर लगा रहे दौड़

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

गजरौला, अमृत विचार। ग्रामीण सड़कों की बात छोड़िए, नेशनल हाइवे पर भी डग्गामार वाहन संचालक बेखौफ ओवरलोड सवारियां लादकर दौड़ रहे हैं। इनके आगे खाकी नतमस्तक नजर आती है। पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी से शुरू होकर दूसरी चौकी की चंद कदम की दूरी पर इन वाहनों का सफर खत्म होता है। 

एक नहीं दोनों पुलिस चौकियों की पुलिस इनके आगे बोलती ही नहीं है। गजरौला चौपला से हसनपुर, मुरादाबाद, जोया, मंडी धनौरा, चांदपुर और ब्रजघाट के लिए डग्गामार वाहनों का संचालन होता है। इन वाहनों में मैक्स, टाटा मैजिक, टेम्पो शामिल हैं। 

खास बात यह है कि पुलिस चौकी की चंद कदम से ही इन वाहनों के सफर की शुरूआत होती है और कई थानों, पुलिस चौकियों के सामने से होते हुए यह डग्गामार वाहन ठिकाने तक पहुंचते हैं। ठेका गाड़ी परमिट के नाम की मुहर लगे यह वाहन यातायात के नियमों की धज्जियां खुद कानून के रखवालों के सामने उड़ाते हैं। इतना ही नहीं यह वाहन अमरोहा, हापुड़, बिजनौर, संभल जिलों की सीमाओं में दौड़ते हैं लेकिन प्रशासन खामोश है।

मुसाफिरों को भी नहीं जान की परवाह
गजरौला, अमृत विचार: हाइवे के अलावा चांदपुर, हसनपुर मार्गो पर दौड़ने वाले डग्गामार वाहनों में सवार होने वाले मुसाफिरों को भी जान की परवाह नहीं रहती। वह खुद खिड़की, छत पर सवार हो जाते हैं। विद्यार्थियों में तो ऐसा करने की होड़ साफ नजर आती है।

परिवहन विभाग के अफसरों के साथ जल्द ही अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों पर शिकंजा कसा जायेगा। यातायात नियमों को तोड़ने की अनुमति कतई नहीं दी जायेगी। साथ ही सर्किल के थानों को भी डग्गामार वाहनों पर नियंत्रण के आदेश दिए हैं।- अंजलि कटारिया सीओ, मंडी धनौरा।

 

संबंधित समाचार