Bareilly: पासपोर्ट ऑफिस को फिर से बम से उड़ाने की धमकी, नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। पासपोर्ट कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार दोपहर मेल भेजकर कार्यालय को 1:15 बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल के जरिए भेजी गई इस धमकी के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एहतियातन कामकाज कुछ समय के लिए रोक दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। टीम ने पूरे परिसर को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान चलाया। बम स्क्वॉड ने कार्यालय के अंदर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। करीब आधे घंटे तक चली सघन चेकिंग के बाद स्थिति सामान्य होने पर कर्मचारियों ने दोबारा काम शुरू कर दिया। करीब एक माह पहले भी इसी तरह से पासपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी।

उस समय भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। इस बार भी मेल की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सवा बजे ऑफिस में मेल आया था। जिसमें कहां गया था कि ऑफिस को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आधे घंटे तक काम प्रभावित रहा। फिर काम सुचारू रूप से चालू हो गया।

एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस टीमों के साथ बम निरोधी दस्ता मौके पर गया था। जांच में वहां कुछ नहीं मिला। मेल कहां से भेजा गया, इसे लेकर जांच कराई जा रही है

 

संबंधित समाचार