Bareilly: पंचायतों में 823441 डुप्लीकेट वोटर, सत्यापन के आदेश

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली में फिर 823441 डुप्लीकेट वोटर सामने आए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण के अंतर्गत संभावित एक से अधिक बार दर्ज वोटरों के नामों का सत्यापन किया जाएगा। आयोग ने जनपदवार डुप्लीकेट वोटरों की सूची जारी की है।

राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्याधिकारी एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने इस बाबत पत्र भेजा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार शाम सत्यापन कार्यक्रम जारी कर दिया है। डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और कंप्यूटरीकरण का कार्य 21 अप्रैल से शुरू होकर 28 मई तक चलेगा। कंप्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्र स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आंवटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियां कराने आदि का कार्य 29 मई से लेकर 9 जून तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 10 जून को होगा।

डीएम ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा है कि निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। निर्धारित समय सीमा के अनुसार निर्वाचक नामावली का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं सहायक समन्वयक अधिकारी पंचायत को नोडल अधिकारी (डुप्लीकेट मतदाता सूची) बनाया है। खंड विकास अधिकारियों को को-आर्डिनेटर ऑफीसर बनाया है।

पहले 110734 वोटर डुप्लीकेट सत्यापन में सामने आए
सहायक निर्वाचन अधिकारी सतीश मौर्य ने बताया कि जनवरी में 918288 संभावित डुप्लीकेट वोटरों की सूची आयोग से जारी हुई। सूची का सत्यापन कार्य जनवरी में शुरू होकर 23 मार्च तक संपन्न हुआ। सत्यापन कार्य में 807554 वोटर सही पाए गए, जबकि 110734 वोटर डुप्लीकेट मिले थे। इनके नाम सूची से हटाया जा चुका है। अब जो सूची मिली है, उसका सत्यापन कराने के लिए 1691 बीएलओ को लगाया गया है।

 

संबंधित समाचार