अयोध्या में ई-बस से कम किराए में करें सफर : लखनऊ समेत इन मार्गों पर ट्रायल, लंबी दूरी का सफर होगा आरामदायक
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या धाम बस स्टेशन में करीब तीन माह से खड़ी नई 20 ई बसों को अयोध्या डिपो को सौंप दिया गया। इनमें से छह बसों को शनिवार को लखनऊ, प्रयागराज व गोंडा मार्ग पर चलाकर ट्रायल किया गया। हालांकि अभी कुछ ई बसों में फास्टैग की समस्या है, जल्द ही इसका समाधान कर इनका भी ट्रायल कर विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
करीब दो माह से 20 नई बसों में रजिस्ट्रेशन आदि की समस्या के चलते इनका संचालन नहीं हो पा रहा था। इनमें से पांच-पांच बसों का संचालन प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर व लखनऊ मार्ग पर होना तय किया गया था। जनवरी माह में ही अयोध्या धाम बस स्टेशन पहुंची इन बसों को शुक्रवार को अयोध्या डिपो के हवाले किया गया, शनिवार को इनमें से दो-दो बसों को प्रयागराज, लखनऊ व गोंडा मार्ग पर चलाकर सफल ट्रायल किया गया।
अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश के मुताबिक गोरखपुर में इन बसों का चार्जिंग स्टेशन न बन पाने के कारण अभी इस मार्ग पर संचालन नहीं हो सकता है। इसके चलते इस मार्ग पर चलने वाली पांच बसों को गोंडा मार्ग पर संचालित किया जाएगा। बताया कि रविवार से इनका विधिवत संचालन होगा। कहा कि पहले से संचालित आयसर की वातानुकूलित प्रीमियम बसों से इस वातानुकूलित ई-बसों का किराया कम होगा। अयोध्या डिपो से प्रयागराज के लिए चल रही आयशर की प्रीमियम एसी बस का किराया वर्तमान में 374 रुपये है, जबकि एसी ई बस का किराया 316 रुपये है, जो 58 रुपये कम है।
यह है समय सारणी
-प्रयागराज के लिए सुबह 5:30, 6:30, 7:30, 9:00 व 11 बजे संचालन होगा। वाराणसी के लिए सुबह आठ बजे से 12 बजे के बीच में हर घंटे पर यह बसें चलेंगी। लखनऊ के लिए सुबह छह बजे से 10 बजे तक हर घंटे पर बस उपलब्ध रहेगी। गोरखपुर के लिए भी सुबह सात बजे से 11 बजे तक हर घंटे पर यह सेवा उपलब्ध रहेगी।
