भुजियाघाट के भदयूनी गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचारः भुजियाघाट क्षेत्र के भदयूनी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के ही निवासी कमल बिष्ट (30) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात कमल बिष्ट घर पर नहीं था और गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनका शव घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि कमल बिष्ट की मौत बाघ के हमले के कारण हुई है, जबकि अन्य लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। शव की स्थिति को देखते हुए मामले में संदेह और गहरा गया है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।    

संबंधित समाचार