बरेली: यातायात निदेशालय के अधिकारी ने जाना ट्रैफिक का हाल
बरेली, अमृत विचार। पिछले कई महीने से बरेली की ट्रैफिक व्यवस्था खराब चल रही है। कहीं निर्माण कार्य की वजह से तो कहीं अन्य किसी वजह से रोजाना लोग जाम में फंस रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात निदेशालय के उप निदेशक मो. निजाम हसन ने दो दिन पहले बरेली में …
बरेली, अमृत विचार। पिछले कई महीने से बरेली की ट्रैफिक व्यवस्था खराब चल रही है। कहीं निर्माण कार्य की वजह से तो कहीं अन्य किसी वजह से रोजाना लोग जाम में फंस रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात निदेशालय के उप निदेशक मो. निजाम हसन ने दो दिन पहले बरेली में आकर निरीक्षण किया। उन्होंने दो चौराहों पर ट्रैफिक का हाल जाना। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शासन से मिली रकम और उस रकम से सामान की खरीद व उसके इस्तेमाल की भी जांच की। वह अपनी रिपोर्ट लखनऊ में उच्च अधिकारियों को सौंपेगे।
यातायात निदेशालय के उप निदेशक मो. निजाम हसन ने बताया कि शहर में जगह-जगह निर्माण कार्य की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था खराब है। चौकी चौराहा व अय्यूब खां चौराहे पर निरीक्षण के दौरान पाया कि लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से भी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों को वाहन चलाते वक्त सीट बेल्ट लगानी चाहिए। दो पहिया वाहन पर पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट लगाना चाहिए लेकिन इसका भी पालन नहीं हो रहा है। सिग्नल लाइट भी खराब हैं। लोग चौराहे पर जेब्रा लाइन क्रास करके आगे खड़े हो रहे हैं। सिग्नल पर पैदल यात्री भी वाहनों के बीच से निकल रहे हैं।
उन्होंने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौराहों पर लाउड हेलर से बोलकर लोगों को जागरूक करें। लोग जेब्रा लाइन क्रास न करें। लोग हेलमेट पहनें। न मानने वालों पर कार्रवाई भी करें। उन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सही से वर्दी पहनने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक में सुधार के लिए सामान की खरीदारी की भी समीक्षा की गई। इसकी समीक्षा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कुछ दिनों पहले यातायात निदेशालय ने फतेहगंज पूर्वी में भी लगने वाले जाम को लेकर ठोस कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए थे।
एसपी ट्रैफिक ने तीन जिलों की समीक्षा की
एडीजी जोन अविनाश चंद्र के आदेश पर एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेई ने भी जोन के तीन जिलों में ट्रैफिक सुधार को लेकर सामान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने बदायूं, संभल और मुरादाबाद जिले की अलग-अलग दिन निरीक्षण कर समीक्षा की। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि समीक्षा की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट तैयार करने के बाद उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।
