इटावा में  उग्र प्रदर्शन : गलत बिलिंग और बिजली कटौती से भड़कीं महिलायें, बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

इटावा। इटावा जिले में जसवंतनगर में स्मार्ट मीटर की कथित गड़बड़ी, बढ़े हुए बिजली बिल और बिना सूचना आपूर्ति बाधित किए जाने से नाराज़ महिलाओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं तहसील परिसर और विजली विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ महिलाओं ने आक्रोश में आकर बिजली विभाग कार्यालय पर पथराव कर दिया। 

इससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने कार्यालय के दरवाजे बंद कर किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इससे पहले करीब 50 से अधिक महिलाएं उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर तहसील पहुंचीं और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। 

महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिल वास्तविक खपत से कहीं अधिक आ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं का कहना था कि वे समय पर बिल जमा करती हैं, इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है। बाद में कनेक्शन बहाल कराने के नाम पर अतिरिक्त धनराशि जमा कराने का दबाव बनाया जाता है। 

विजली चेकिंग के नाम पर अवैध बसूली भी की जाती है शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा न तो संतोषजनक जवाब दिया जाता है और न ही समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।प्रदर्शन की सूचना पर चौकी इंचार्ज मनीष कुमार और जूनियर इंजीनियर कौशल पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर बुझाकर शांत कराया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाएं वहां से वापस लौटीं।

ये भी पढ़ें :
बाराबंकी में जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित, मंत्री सतीश शर्मा ने कहा-33% आरक्षण दिलाकर रहेंगे पीएम मोदी 

संबंधित समाचार