शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सहभागिता जरूरी : डीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने सोमवार सायंकाल पटेल तिराहा, पुराना बस स्टैंड, छाया चौराहा, नेबलेट चौराहा एवं धनोखर क्षेत्र सहित जाम प्रभावित स्थानों का पैदल स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यातायात अवरोध, सड़क किनारे अतिक्रमण, ई-रिक्शा संचालन, वेंडिंग जोन और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों पर लागू वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जाए तथा जाम प्रभावित क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन के लिए समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने ई-रिक्शा संचालन के लिए चौराहों पर निर्धारित स्थान चिन्हित कर वहीं से सवारी बैठाने की व्यवस्था लागू करने तथा अनियंत्रित पार्किंग व सड़क किनारे ठहराव पर रोक लगाने के निर्देश दिए। छाया चौराहा एवं वेंडिंग जोन क्षेत्र में उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से समन्वय कर व्यवहारिक समाधान निकालने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शहर को जाममुक्त, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ व्यापारी और आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण नियंत्रण, यातायात संकेतक, पार्किंग प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम गुंजिता अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार