UP: जिले में विकास को मिलेगी रफ्तार, कल से शुरू हो जाएगा गंगा एक्सप्रेस वे
बदायूं, अमृत विचार। कुछ दिन पहले बदायूं से दिल्ली तक सीधी ट्रेन सेवा के बाद जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय के बाद वह घड़ी आ गई है जब जिले को विकास की रफ्तार मिलेगी और समय भी बचेगा। जिले में जल्द ही और उद्योग स्थापित होने से रोजगार का सृजन होगा। कल से गंगा एक्सप्रेस वे शुरू हो जाएगा। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से प्रयागराज तक बनाए गए गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे जिससे मेरठ और प्रयागराज का मार्ग सुगम हो जाएगा।
मेरठ के बिजौला गांव से शुरू होकर 594 किमी दूर प्रयागराज के गांव जुड़ापुर दांदू तक बना है जो 12 जिलों से होकर गुजरा है। बदायूं में इसकी दूरी लगभग 92 किमी है। यह तहसील सदर, बिसौली, बिल्सी व दातागंज क्षेत्र से होकर गुजरा है। एक्सप्रेस वे का काम पूरा हो गया। दो ट्रायल भी हो चुके हैं। गंगा एक्सप्रेस वे पूरी तरह से सीसीटीवी की निगरानी में हैं। सिंगापुर की तर्ज पर यहां के बनकोटा, बिनावर और दातागंज पर टोल प्लाजा बनाए गए हैं जो मानव रहित हैं। बूम सेंसर से खुलेंगे। फास्टैग से शुल्क कटेगा। हालांकि यहां इंजीनियर की ड्यूटी रहेगी जो तकनीकी खामियां दूर करने के लिए रहेंगे।
यहां सुरक्षाकर्मियों की तैनात की गई है। प्रधानमंत्री हरदोई से इसका उद्घाटन करेंगे। फिर वाहन गंगा एक्सप्रेस वे पर फर्राटा भर सकेंगे। बरेली-मथुरा राजमार्ग पर घटपुरी, बदायूं-दातागंज मार्ग के पहाड़पुर, बदायूं-मुरादाबाद राजमार्ग पर बनकोटा के पास इंटरचेंज बनाए गए हैं, जहां से लोग गंगा एक्सप्रेस वे पर चढ़ सकेंगे। यह गंगा एक्सप्रेस वे पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ेगा जिससे लगभग पूरे प्रदेश में व्यापार संगम हो जाएगा। आने-जाने में समय भी बचेगा। प्रयागराज जाने वाले अधिवक्ताओं को भी आसानी होगी। तीन से चार घंटों में ही प्रयागराज पहुंच जाएंगे। गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन को लेकर व्यापारियों से लेकर आमजन उत्साहित हैं।
बिनावर में विकसित होगा औद्योगिक कॉरिडोर
गंगा एक्सप्रेस वे पर बिनावर क्षेत्र में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। जहां चार दर्जन से ज्यादा कारखाने स्थापित होने की उम्मीद है। जिसके लिए लगभग 269 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से ज्यादा व्यापारियों ने प्रक्रिया शुरू भी कर दी है। इसके अलावा बाहर के उद्यमियों के भी उद्यम स्थापित कर सकते हैं जिसके बाद जिले के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी। उद्योग लगने के बाद लोगों को रोजगार मिलेगा।
स्क्रीन पर दिखाया जाएगा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री के गंगा एक्सप्रेस के उद्घाटन का कार्यक्रम यहां भी स्क्रीन पर लाइव दिखाया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से गंगा एक्सप्रेस वे किनारे बिनावर क्षेत्र में पंडाल लगाया जा रहा है। यहां लगभग पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। डीएम अवनीश राय ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी तेजी से की जा रही है जो लगभग पूरी होने की ओर है।
