उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार की 4 महिलाओं समेत 6 की मौत, 4 घायल
उन्नाव, अमृत विचार : उन्नाव के बिहार थानांतर्गत बक्सर-सुमेरपुर मार्ग पर बुधवार सुबह ओवर टेक के दौरान हुए सड़क हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार की 4 महिलाओं सहित 6 लोगों की जान चली गई। वहीं दंपति समेत 4 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के बेहतर उपचार के आदेश जिला प्रशासन को दिए हैं।
मौरावां थानाक्षेत्र के अकोहरी गांव के मजरा पठई निवासी सूरज पुत्र नरेंद्र सिंह मां गीता, पत्नी भारती, चाची बिटान, बहन ज्योति, सुनीता, पड़ोसी अर्चना, भांजे आनंद व भांजी गौरी के साथ 3 वर्षीय बेटे शुभ का मुंडन कराने मां चंद्रिका देवी धाम बक्सर गए थे। जहां से सभी बुधवार को बोलेरो से लौट रहे थे। जिसे सूरज के गांव का निवासी रामधनी चला रहा था। तभी बिहार थानांतर्गत सुमेरपुर मार्ग पर ओवरटेक के दौरान पहले डंपर फिर ट्रक से टकराकर बोलेरो व ट्रक सड़क किनारे खंती में पलट गए।
इससे बोलेरो में फंसे लोगों में चीखपुकार मच गई। बिहार व बारासगवर थानाक्षेत्र की पुलिस ने वाहन को कटर से कटवाकर घायलों को अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने गीता, बिटान, ज्योति, सुनीता, अर्चना व रामधनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज, भारती, आनंद व गौरी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डीएम घनश्याम मीना, क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह व एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव सहित अन्य अफसरों ने दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया। सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम कराए जा रहे हैं। ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। घटना की जांच की जा रही है।
