बरेली : खनन रोकने में लापरवाही पर पांच अफसर और कर्मचारी फंसे
औचक निरीक्षण में खाली मिला बहेड़ी चेकिंग पॉइंट, डीएम ने थमाया कारण बताओ नोटिस
बरेली, अमृत विचार। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिलाधिकारी ने पिछले दिनों जिले में अवैध खनन और क्षमता से अधिक भार ढोने वाले वाहनों पर नकेल कसने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित कर सघन चेकिंग के निर्देश दिए थे। उच्चाधिकारियों की ओर से बहेड़ी टोल प्लाजा चेकिंग पॉइंट का निरीक्षण किया गया, तो पांच विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी गायब मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जांच में गायब मिले अधिकारियों में परिवहन विभाग के भूतपूर्व सैनिक धर्मेंद्र सिंह व वसीम अकरम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के गौरव गौतम, राज्य कर अधिकारी तारा चंद्र उपाध्याय और उप आबकारी निरीक्षक लखपत सिंह शामिल हैं। इन सभी की ड्यूटी अलग-अलग पालियों में खनन और ओवरलोडिंग रोकने के लिए लगाई गई थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान कोई भी मौके पर मौजूद नहीं था। सभी सेर 3 दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ, तो सेवा नियमावली के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
