जॉब का पहला दिन : कर्तव्य के साथ सेवा की शुरुआत 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वर्ष 2018 का वह दिन आज भी मेरी स्मृतियों में ताजा है, जब मैंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की जालौन जनपद स्थित कोच शाखा में एग्रीकल्चर एवं वित्त अधिकारी के रूप में अपने जीवन की नई शुरुआत की। वह मेरे जीवन का एक ऐसा मोड़ था, जहां उत्साह, जिज्ञासा और जिम्मेदारी- तीनों एक साथ मेरे मन में उमड़ रहे थे। सच कहूं तो उस दिन मुझे ऐसा लग रहा था मानो मैं किसी नई दुनिया में प्रवेश कर रहा हूं।

सुबह जब मैं पहली बार औपचारिक रूप से कार्यालय पहुंचा, तो दिल की धड़कन कुछ तेज थी। नए सहकर्मी, नया माहौल और अनगिनत अपेक्षाएं- सब कुछ मेरे सामने था। शाखा प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने मेरा आत्मीय स्वागत किया, जिससे मेरे भीतर का संकोच कुछ कम हुआ। धीरे-धीरे मैंने अपने कार्यक्षेत्र को समझना शुरू किया। फाइलों का ढेर, कंप्यूटर स्क्रीन पर खुली बैंकिंग प्रणाली और ग्राहकों की भीड़- यह सब मेरे लिए एक नया अनुभव था।

पहले ही दिन ग्राहकों से सीधे संवाद का अवसर मिला। कोई किसान अपनी फसल के लिए ऋ ण चाहता था, तो कोई व्यक्ति अपनी आर्थिक समस्या लेकर आया था। उनकी आंखों में उम्मीद और विश्वास साफ झलक रहा था। जब मैं उनकी समस्याएं सुनता और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाता, तो मेरे भीतर एक अद्भुत संतोष का भाव उत्पन्न होता। मुझे ऐसा महसूस हो रहा था कि मैं केवल एक नौकरी नहीं कर रहा, बल्कि समाज की सेवा के अपने बचपन के सपने को साकार कर रहा हूं।

विशेष रूप से किसानों के साथ संवाद ने मेरे मन को गहराई से छुआ। उनकी मेहनत, संघर्ष और आशाओं को समझते हुए मैंने महसूस किया कि मेरी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। सही मार्गदर्शन और सहयोग से मैं उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता हूं। यह सोच मेरे भीतर एक नई ऊर्जा और समर्पण का संचार कर रही थी।

दिन के अंत तक, थकान जरूर थी, लेकिन उससे कहीं अधिक संतोष और आत्मविश्वास था। मैंने महसूस किया कि यह केवल शुरुआत है- एक ऐसे सफर की, जिसमें चुनौतियां भी होंगी और सीखने के अनगिनत अवसर भी। उस पहले दिन ने मुझे यह सिखा दिया कि सच्ची सफलता केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में है। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो वह पहला दिन मेरे जीवन की सबसे प्रेरणादायक यादों में से एक बन चुका है। उसने मुझे न केवल एक जिम्मेदार अधिकारी बनाया, बल्कि एक संवेदनशील इंसान भी, जो समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझता है और उन्हें पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करता है।-भानू प्रताप अवस्थी, प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया