मेरठ प्रशासन का बड़ा एक्शन : अवैध मांस दुकानों के खिलाफ अभियान, दो दर्जन से अधिक पर कार्रवाई
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अवैध मांस दुकानों के खिलाफ अभियान चलाकर दो दर्जन से अधिक दुकानों पर कार्रवाई की और एक अवैध मंडी को बंद करवा दिया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान में पुलिस, नगर निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीमें शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि लिसाड़ी गेट से भूमिया पुल होते हुए माधवपुरम तक चले निरीक्षण के दौरान भूमिया माता मंदिर के पास संचालित अवैध मांस मंडी को तत्काल बंद कराया गया। अधिकारियों के अनुसार कई दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला, जिस पर दुकानदारों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर की गई।
