यूपी में झमाझम बारिश से तपे हुए शहरों को मिली राहत, लखनऊ समेत कई जिलों में लुढ़का पारा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है और राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। विभाग ने बताया कि राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.4 डिग्री कम 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री कम होकर 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और हवा चलने के कारण शहर का तापमान काफी गिर गया है। इससे जेठ महीने में सुबह क्वार महीने जैसी गुलाबी ठंड का एहसास हुआ। पांच वर्ष बाद 5 मई को सबसे ठंडा दिन रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान लुढ़ककर 28 डिग्री पहुंच गया। वर्ष 2021 में 5 मई को अधिकतम 28 डिग्री डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। तापमान में गिरावट से सुबह और शाम ज्यादा देर कूलर और एसी चलाने पर गुलाबी ठंड का एहसास हुआ। बुधवार को भी बारिश व हवा चलने से तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

इसने बताया कि मंगलवार को पूरे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई, जिसमें इटावा में 5.5 मिमी, मुजफ्फरनगर में 7.0 मिमी और आगरा (ताज) में 4.4 मिमी, जबकि झांसी में 3.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई, वाराणसी, उरई, सुल्तानपुर और बरेली जैसे स्थानों में भी हल्की बारिश हुयी। राज्य भर में, कई शहरों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। 

रविवार से शहर में बूंदाबांदी और बारिश का सिलसिला चल रहा है। मंगलवार को भी सुबह हवा चलने के साथ बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस और लुढ़क कर 28 डिग्री पहुंच गया। ये सामान्य से 11.4 डिग्री कम रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी करीब 4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 20 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा। पिछले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट हुई है।

इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। सुहावने हुए मौसम का आनंद लेने के लिए लोग मंगलवार को घरों से बाहर निकल पड़े। जनेश्वर मिश्र पार्क, चिड़ियाघर, गोमती रिवर फ्रंट, रेजीडेंसी, इमामबाड़ा सहित अन्य पार्कों में लोगों की भीड़ रही। 1090 चौराहे के पास चटोरी गली में घूमने आए लोगों ने लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा। मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि बुधवार को भी कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलेगी। इससे तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

कानपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11.1 डिग्री कम है, जबकि इटावा में 5.5 मिमी बारिश के साथ अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 11.5 डिग्री कम दर्ज किया गया। बाराबंकी और बस्ती में भी अधिकतम तापमान में सामान्य से 10 डिग्री से अधिक की गिरावट देखी गई।

पूर्वी हिस्सों में, वाराणसी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 8 डिग्री कम है, जबकि प्रयागराज में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से लगभग 7 डिग्री कम है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र के झाँसी में 3.5 मिमी वर्षा के साथ सामान्य से लगभग 6.9 डिग्री कम 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों में राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 

लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, आज़मगढ़ और बलिया समेत कई जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज़ हवायें चलने की संभावना है। गोरखपुर, देवरिया, मथुरा और कन्नौज जैसे जिलों में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 

दिल्ली का मौसम खराब होने से 4 विमान लखनऊ डायवर्ट

दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण चार विमानों को मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। सूत्रों के मुताबिक रांची से दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आईएक्स 2379 को दोपहर करीब 2:10 बजे दिल्ली में लैंड नहीं कर सका। उसे लखनऊ भेज दिया गया। इसी तरह देहरादून से दोपहर 2:30 बजे दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया का विमान एआई 2908 भी डायवर्ट किया गया। मुंबई से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान 6ई 615 को रास्ते से ही भेज दिया गया।गुवाहाटी से 3:20 बजे दिल्ली पहुंचने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आईएक्स 1513 भी लखनऊ में उतरा गया। दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर सभी विमानों को लखनऊ से रवाना कर दिया गया।

ये भी पढ़ें : 
मेरठ प्रशासन का बड़ा एक्शन : अवैध मांस दुकानों के खिलाफ अभियान, दो दर्जन से अधिक पर कार्रवाई

संबंधित समाचार