केदारनाथ के धाम पहुंचे उद्योगपति गौतम अदाणी, 40वीं वर्षगांठ पर किये बाबा के दर्शन-पूजन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

देहरादून/श्री केदारनाथ धाम। देश के जाने माने उद्योगपति गौतम अदाणी ने शुक्रवार को अपने विवाह की चालीसवीं वर्षगांठ उत्तराखंड में भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम में पूजा अर्चना कर मनाई। उन्होंने यहां पहुंचने के बाद एक्स पर लिखा, "आज का दिन मेरे लिए विशेष है, एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर मेरे विवाह की 40वीं वर्षगांठ"। अदाणी ने लिखा, "इस पावन अवसर की शुरुआत मैंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की। 

चार दशकों की इस यात्रा में, प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है, इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं। हमने महादेव से प्रार्थना की कि वह हमारे देश को निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें, और हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा दें।" 

उद्योगपति ने आगे लिखा, "आज, विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर, मैं अदाणी परिवार के अपने चार लाख से अधिक साथियों से जुड़ने के लिए एक नई पहल, 'अपनी बात, अपनों के साथ' की शुरुआत कर रहा हूं। यह मेरे लिए केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि अदाणी परिवार में सभी से दिल से जुड़ने का एक प्रयास है। इस पहल के माध्यम से, मैं समय-समय पर अपने विचार, अपने अनुभव और अपनी सीख साझा करूँगा और उतनी ही विनम्रता से सीखने का प्रयास भी करूँगा। 

मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब अदाणी परिवार के लाखों सदस्य एक-दूसरे के सहयोगी बनकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ेंगे, तब हम सिर्फ परियोजनाएँ ही नहीं बनाएंगे, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अपना विनम्र योगदान भी दे सकेंगे। 

आप सभी का विश्वास और साथ ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय श्रमशक्ति, जय राष्ट्रशक्ति।" उल्लेखनीय है कि श्री अदाणी आज सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे। इसके बाद वह निजी हेलिकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। यहां धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद रही। वीआईपी आगमन को देखते हुए केदारनाथ धाम क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने अलर्ट रहा।

ये भी पढ़ें : 
Buddha Purnima 2026: हरिद्वार में बुद्ध पूर्णिमा स्नान जारी, हर की पैड़ी पर उमड़ा जनसैलाब 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार