कानपुर में भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांतों की दिलाई गई शपथ
कानपुर। महात्मा गौतम बुद्ध की 2570वीं जयंती के अवसर पर कानपुर नगर के गुजैनी स्थित डॉ. अम्बेडकर संस्थान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश पुलिस योजना निदेशक डॉ. के.एन. सिंह उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांतों अहिंसा, चोरी न करना, दुराचार से दूर रहना, सत्य बोलना और नशा न करना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को इन सिद्धांतों का पालन करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि ये सिद्धांत मानव जीवन को संयमित, नैतिक और शांतिपूर्ण बनाने की आधारशिला हैं। डॉ. सिंह ने यथार्थ ध्यान योग एवं विपश्यना की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि ध्यान की प्रक्रिया संत कबीर, गुरु नानक तथा जैन मुनियों की साधना पद्धतियों से भी साम्य रखती है। उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान के माध्यम से व्यक्ति मानसिक शुद्धि और आत्मिक संतुलन प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने ध्यान साधना के विभिन्न आयामों का उल्लेख करते हुए कहा कि साधना के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की चेतना को जागृत कर सकता है, जिससे मन की एकाग्रता और आत्मबोध की अनुभूति संभव होती है। इस अवसर पर उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूज्य भन्ते श्री आर्य पुत्र अंगुलिमाल, डॉ. लीला प्रसाद, श्री शंकरलाल, पूर्व अपर आयुक्त कानपुर मंडल श्रीमती सोमलता सिंह, डॉ. आर.के. सिंह, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉ. अज्ञोपंत, श्री बी.आर. अहिर्वार, श्री राजपाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
