उधम सिंह नगर: पुलिस के इंतजाम फेल, बेरिकेडिंग तोड़ हजारों किसान दिल्ली रवाना
सुरेश सैनी, बाजपुर। उधम सिंह नगर जिला के बाजपुर में हजारों किसान बेरिकेडिंग तोड़ दिल्ली कूच करने में सफल रहे। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को रोकने का प्रयास किया लेकिन किसानों की भीड़ के आगे बढ़ने के साथ ही पुलिस एक तरफ खड़ी हो गई। इस दौरान बोले सो निहाल के नारों से क्षेत्र …
सुरेश सैनी, बाजपुर। उधम सिंह नगर जिला के बाजपुर में हजारों किसान बेरिकेडिंग तोड़ दिल्ली कूच करने में सफल रहे। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को रोकने का प्रयास किया लेकिन किसानों की भीड़ के आगे बढ़ने के साथ ही पुलिस एक तरफ खड़ी हो गई। इस दौरान बोले सो निहाल के नारों से क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। कई घंटो तक अफरातफरी का माहौल रहा।
शुक्रवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत हजारों किसान महाराजा पैलेस के पास एकत्र हुए। वहां से सैकड़ों वाहनों में और पैदल ही किसानों ने दिल्ली बॉर्डर की तरफ कूच किया। यूपी सीमा पर पहले से तैनात प्रशासन ने किसानों को रोक लिया। इस दौरान शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दिल्ली के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रशासन से रोकने के आदेश की कापी मांगी तो प्रशासन उन्हें दिखा नहीं पाया। जिस पर सरसा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं है।
इस बीच कुछ उत्साही युवाओं ने ट्रैक्टर से बाई तरफ की दीवार तोड़ खेतों से रास्ता बना दिया और वाहनों के साथ लोग मटर के खेत से होते हुए बॉर्डर पार कर गए। अभी पुलिस उन्हें रोकने के लिए खेतों की तरफ जा रही थी कि एक ट्रैक्टर पर आए युवाओं ने बेरिकेडिंग पर टक्कर मार दी। पुलिस कर्मियों ने हुजूम रोकने का प्रयास किया लेकिन लगातार किसानों की और से जारी प्रयासों के चलते पुलिस को पीछे धकेल दिया गया। बाद में किसान आगे बढ़ने में कामयाब रहे।

रुद्रपुर में पुलिस के इंतजाम फेल, सैकड़ों किसान रवाना
ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के तमाम दावों के बाद भी रुद्रपुर व आसपास के क्षेत्रों से किसान शुक्रवार को गाजीपुर बॉर्डर कूच करने में सफल रहे। रामपुर बॉर्डर पर तैनात भारी पुलिस फोर्स को चकमा देते हुए किसान शहर के चोर रास्तों से होकर बिलासपुर पहुंच गए और वहां से आगे का सफर तय किया। किसानों ने सटीक रणनीति बनाकर पुलिस के खुफिया तंत्र को असफल साबित कर दिया।
तीन दिन पूर्व तराई के किसानों ने 25 दिसंबर को गाजीपुर बॉर्डर कूच का ऐलान किया था। किसानों के इस ऐलान के बाद एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने सख्त रुख अपनाते हुए किसानों को किसी भी दशा में बॉर्डर पार न करने देने की बात कही थी। पुलिस व प्रशासन ने किसानों के कूच को रोकने के लिए नवाबगंज गुरुद्वारे के कार सेवा प्रमुख बाबा अनूप सिंह से भी गुरुवार को मंत्रणा की थी। पुलिस के हरकत में आने के बाद से ही किसान संगठन गाजीपुर बॉर्डर कूच के लिए नयी रणनीति पर काम करने लगे।
इसके लिए जिले से यूपी की ओर निकलने वाले सौ से भी अधिक चोर रास्तों के प्रयोग का निर्णय हुआ। सटीक रणनीति के तहत किसान शुक्रवार सुबह ही शहर व आस-पास की कालोनियों से निकलने वाले इन चोर रास्तों में वाहनों के छोटे जत्थों में निकलने शुरू हो गए। वहीं पुलिस व प्रशासन के आला अफसर नैनीताल दिल्ली हाईवे पर भारी पुलिस बल के साथ तैनात थे।
