यूपी में फिर बढ़ी पंचायत चुनाव मतदाता सूची प्रकाशन की तारीख, पहली बार हर वोटर को मिलेगा 9 अंकों का ‘स्टेट वोटर नंबर’
10 जून को आएगी अंतिम सूची
लखनऊ, अमृत विचार: आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर उप्र. राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। मतदाता सूची प्रकाशन की तिथि बढ़ने के पीछे पंचायत मतदाताओं को पहली बार 9 अंक का यूनिक नंबर दिया जाना माना जा रहा है। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 10 जून को जारी की जाएगी। आयोग का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या त्रुटि की आशंका से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इस बार चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आयोग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पहली बार ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में शामिल हर मतदाता को 9 अंकों का यूनिक ‘स्टेट वोटर नंबर’ (एसवीएन) दिया जा रहा है। यह नंबर प्रत्येक मतदाता के लिए अलग और स्थायी होगा, जिससे फर्जी मतदान या किसी दूसरे के नाम पर वोट डालने की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।
आयोग के निर्देश पर प्रदेशभर में ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का वृहद पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसी के तहत सभी मतदाताओं को यह यूनिक नंबर आवंटित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति दूसरे के नाम पर मतदान करने की कोशिश करेगा तो स्टेट वोटर नंबर के जरिए उसे तुरंत चिन्हित किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें :
यूपी में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य, हर विद्यार्थी लगाएगा एक पौधा, मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक, कहा- यूपी फिर बनाएगा रिकॉर्ड
