Bareilly:सात बीघा जमीन के लालच में मुंहबोले बेटे ने की थी शारदा की हत्या
बरेली, अमृत विचार। शारदा यादव वरुण को बेटे की तरह मानती थीं। यही भरोसा उन पर भारी पड़ गया। सात बीघा जमीन के लालच में वरुण पाराशरी ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को मंगलवार को जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, शारदा यादव ने कभी वरुण को जमीन देने की बात कही थी। इसी बात को सच मानकर वह लालच में आ गया। जब शारदा के पति ने जमीन उसके नाम करने से इनकार कर दिया, तो वह नाराज हो गया और हत्या की साजिश रच डाली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वादा करके कोई मुकर कैसे सकता है। उसने कबूल किया कि जमीन न मिलने से गुस्से में उसने यह कदम उठाया। जांच में सामने आया कि शनिवार को वरुण ने शारदा को बहाने से बुलाकर अगवा किया और उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शारदा की चेन छिपा दी, जिसे पुलिस ने उसके घर से बरामद कर लिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने शारदा के मोबाइल फोन से उनकी बेटी को देहरादून और लखनऊ में कॉल किए, ताकि लगे कि वह जिंदा हैं और कहीं बाहर गई हैं। मृतका के बेटे विवेक यादव ने बताया कि उनकी मां वरुण पर बहुत भरोसा करती थीं और उसे बेटे जैसा मानती थीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि वह इतना बड़ा धोखा दे सकता है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
निगम का अफसर बताकर बनाई थी पहचान
विवेक यादव ने बताया की दो साल पहले आरोपी खुद को नगर निगम में अधिकारी बताकर उनके घर आया था। उसने तब हाउस टैक्स माफ करने की बात कही थी। इसके बाद वह आए दिन घर आने लगा। उसने परिवार को अहसास कराया कि वह बहुत अच्छा लड़का है। उसने परिवार का विश्वास जीता और विश्वासघात कर दिया।
चेहरे पर नहीं था पश्चताप
कभी मां कहकर बुलाने वाले वरुण ने जमीन के लिए शारदा यादव की हत्या कर दी और शव को जहानाबाद में फेंक दिया। उसके चेहरे पर शारदा की हत्या करने का कोई पश्चतावा नहीं था। वह उन्हीं के परिवार के साथ रहकर लगातार गुमराह करता रहा। पुलिस के गिरफ्तार करने के बाद भी उसके चेहरे पर शिकन नहीं थी।
सीसीटीवी ने किया खुलासा
विवेक और परिवार के लोग शारदा की तलाश में सब जगह भटक रहे थे। इसी बीच उन्होंने सिटी स्टेशन के पास एक सीसीटीवी चेक किया तो पता चला की वरुण उनकी मां को कार में बैठाकर ले जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने जब अपने हिसाब से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने सच बता दिया।
कार में मिले थे खून के निशान
वरुण की कार जिला अस्पताल के पास खड़ी मिली थी। जब परिजनों ने उस कार की तलाशी ली तो कार में खून के छींटे दिख रहे थे। इसके साथ ही कार में रखे टायर के पाने पर खून लगा था। इसके बाद परिवार को शक हुआ और फिर पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी वरुण की निशानदेही पर सोमवार शाम महिला का शव बरामद कर लिया गया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी का कहना था की उसे जमीन चाहिए थी जिसे शारदा यादव दे नहीं रही थीं। इसलिए उनकी हत्या कर दी।
