लखनऊ के हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास बनेगी पार्किंग, खड़े किए जा सकेंगे बसों समेत 450 छोटे-बड़े वाहन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- प्लेसमेकिंग की धीमी प्रगति पर ठेकेदार पर डेढ़ लाख का जुर्माना

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास जाम से निजात दिलाने के लिए बड़ी पार्किंग बनाएगा। इसमें बसों के साथ लगभग 450 बड़े-छोटे वाहन खड़े हो सकेंगे। बुधवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हेरिटेज जोन का निरीक्षण करके अधिकारियों को यह निर्देश दिए। रेजिडेंसी के पास प्लेसमेकिंग कार्य की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था मेसर्स एफएन एंड कंपनी पर डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया है।

उपाध्यक्ष ने बताया कि हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को जाम से परेशानी होती है। इससे इमामबाड़ा, घंटाघर, रूमी दरवाजा समेत हेरिटेज जोन में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का सर्वे कराया था।

इसमें रूमी गेट के बगल में पार्किंग के लिए लगभग 9 हजार वर्गमीटर भूमि चिन्हित की है। यहां 15 बसें, 150 चार पहिया वाहन व लगभग 300 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनेगी। इसमें तीन करोड़ रुपये खर्च होगा। पार्किंग में वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए रूमी गेट के बगल से 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर बनेगा। इसके अलावा पार्किंग से पैदल यात्रियों की निकासी के लिए मुसाफिर खाना गेट से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त हुसैनाबाद स्थित फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास लगभग 700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्किंग विकसित की जाएगी। हुसैनाबाद क्षेत्र में इन दो स्थानों पर पार्किंग बनने से न सिर्फ क्षेत्र वासियों को जाम से छुटकारा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी सुविधा होगी। उपाध्यक्ष ने सूरज कुंड पार्क के पास झुग्गी-टीनशेड हटाने के निर्देश दिये। साथ ही पार्क में तैनात कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी के लिए वहां मशीन लगाने को कहा।

इस महीने खुल जाएगी लजीज गली

एलडीए द्वारा हुसैनाबाद में लजीज गली विकसित की गई है। इसमें 15 फूड कियॉस्क निर्मित किए हैं। वर्तमान में स्थल पर टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण का कार्य चल रहा है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 दिन के अंदर समस्त कार्य पूर्ण कराकर इसी माह लजीज गली संचालित कर दी जाए। इससे स्थानीय कामगारों को रोजगार के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

नींबू पार्क में शुरू होगा फाउंटेन

उपाध्यक्ष ने नींबू पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां प्राधिकरण द्वारा सौंदर्यीकरण व हॉर्टीकल्चर के कराये गए विभिन्न कार्य देखे। पार्क में स्थापित नये फाउंटेन को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि पार्क में नींबू की अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाएं। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं नीरज कुमार, उद्यान अधिकारी एसके भारती रहे।

यह भी पढ़ें:
लखनऊ में बोले शिवराज सिंह, पश्चिम बंगाल में हार के बाद घबरा गई टीएमसी 

 

संबंधित समाचार