ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- "दीदी, आप हारी नहीं!"

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कोलकाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस भेंट के दौरान अखिलेश ने ममता को ‘दीदी’ कहकर संबोधित करते हुए कहा कि वे हारी नहीं हैं। मुलाकात के समय तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे। अभिषेक ने अखिलेश यादव का गले मिलकर स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में जो कुछ हुआ है, वह लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है। बीजेपी ने लोकतंत्र को जितना नुकसान पहुंचाया है, उतना शायद ही किसी ने पहले किया हो। अखिलेश ने आगे कहा कि बीजेपी की आंखों में दीदी इसलिए खटकती हैं क्योंकि वे आधी आबादी की आवाज हैं। भाजपा सामंती और पुरुषप्रधान सोच वाली पार्टी है, जो महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देख सकती।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग समेत सभी संस्थाओं ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी जबरन वोट रोके गए, और बंगाल में भी मतदान दबाव में हुआ।

चुनाव नतीजे और ममता का फैसला

इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की है। पार्टी ने 207 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सीमित रह गई। नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया। 

चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। बुधवार को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राज्य के कई इलाकों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। अखिलेश यादव की इस यात्रा को विपक्षी एकजुटता का संदेश माना जा रहा है।

संबंधित समाचार