आज का इतिहास : ताजमहल का निर्माण कार्य हुआ पूरा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। इतिहास में नौ मई का दिन कई मायने में खास है। मुगल बादशाह शाहजहां द्वारा अपनी बेगम मुमताज महल की याद में बनाया गया मोहब्बत का अजीम शाहकार ताजमहल नौ मई के दिन ही बनकर पूरा हुआ था। इसके अलावा नौ मई का दिन एक दुखद घटना का गवाह भी बना जब 1993 में नौ मई को ही दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के नाम्बिजा क्षेत्र में भूस्खलन से तीन सौ लोगों की मौत हुई। देश-दुनिया के इतिहास में नौ मई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है: 

1540 : महाराणा प्रताप का जन्म। उनका नाम देश के महान वीरों में दर्ज है। उन्होंने कई सालों तक मुगल शासक अकबर की मुगलिया सेना के खिलाफ जमकर लोहा लिया। 
1653 : विश्वविख्यात ऐतिहासिक इमारत और दुनिया के अजूबों में शुमार ताजमहल का निर्माण 22 वर्ष के निरंतर परिश्रम के बाद पूरा हुआ।
1689 : अंग्रेज शासक विलियम तृतीय ने फ्रांस के साथ युद्ध की घोषणा की। 
1866 : महान नेता, समाज सुधारक एवं विचारक गोपाल कृष्ण गोखले का जन्म। 
1874 : बंबई (अब मुंबई) में पहली बार घोड़े से खींची जाने वाली ट्राम कार शुरू हुई। 
1946 : डॉ. राम मनोहर लोहिया की अगुआई में गोवा में पुर्तगाल के शासन के खिलाफ पहला सत्याग्रह आंदोलन शुरू हुआ। 
1947 : वैश्विक वित्तीय संस्था विश्व बैंक ने अपना पहला ऋण फ्रांस को दिया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद पुनर्निर्माण के लिए फ्रांस ने 50 करोड़ डालर का कर्ज मांगा था और 1944 में स्थापित विश्व बैंक ने उसे इससे आधा अर्थात 25 करोड़ डालर का कर्ज दिया। 
1955 : पश्चिम जर्मनी नाटो का सदस्य बना और फ्रांस स्थित नाटो मुख्यालय में जर्मनी का ध्वज फहराया गया। 
1960 : अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने पहली गर्भनिरोधक गोली को मंजूरी दी। 
1986 : पर्वतारोही तेनजिंग नोर्गे का निधन। 29 मई, 1953 को सुबह 11:30 बजे, न्यूजीलैंड के एडमंड हिलेरी और नेपाल के शेरपा तेनजिंग नोर्गे माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने वाले पहले ज्ञात खोजकर्ता बने थे, जो समुद्र तल से 29,035 फुट ऊपर पृथ्वी पर सबसे ऊंचा बिंदु है। 
1993 : दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के नाम्बिजा क्षेत्र में भूस्खलन से तीन सौ लोगों की मौत। 
2012 : अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने समलैंगिक विवाह को समर्थन दिया। 
2023 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया।
2024 : पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह में आतंकी हमले में सात मजदूरों की मौत। 
2025: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को शुक्रवार को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। 
2025: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू में घुसपैठ की कोशिश कर रहे सात आतंकवादियों को मार गिराया और पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी नष्ट कर दिया।

संबंधित समाचार