Bareilly : विदाई से पहले ग्राम प्रधानों ने तेज की विकास की रफ्तार
26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल हो रहा है पूरा
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। विदाई से पहले ग्राम प्रधानों ने अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है।
वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल आगामी 26 मई को पूरा हो रहा है, क्योंकि 27 मई 2021 को ग्राम पंचायतों की पहली बैठक आयोजित की गई थी। कार्यकाल की समय सीमा नजदीक आते देख प्रधान अधूरे विकास कार्यों जैसे नाली, खड़ंजा निर्माण, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट और पंचायत भवनों के रखरखाव को पूरा कराने में जुट गए हैं। दूसरी ओर, प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन अब तक न हो पाने के कारण 27 मई के बाद ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की तैनाती की संभावना प्रबल हो गई है। डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि नियमों के मुताबिक, कार्यकाल खत्म होने के बाद पंचायतों के संचालन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सहायक विकास अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त किया जाता है। हालांकि, ग्राम प्रधान संगठनों ने शासन से मांग की है कि चुनाव होने तक वर्तमान प्रधानों को ही कार्यवाहक प्रधान की जिम्मेदारी दी जाए। संगठनों का तर्क है कि मौजूदा प्रधान गांव की जमीनी समस्याओं और जारी विकास कार्यों से भली-भांति परिचित हैं, इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों के बजाय उन्हें मौका देना अधिक व्यावहारिक होगा।
