बाराबंकी : एक सप्ताह से पानी की टंकी बंद, पांच गांवों में पेयजल संकट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर में पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर के पास बनी पानी की टंकी पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ी है। टंकी से जलापूर्ति ठप होने के कारण त्रिलोकपुर समेत आसपास के पांच गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। भीषण गर्मी के बीच पानी न मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

रविवार को टंकी परिसर के पास विरोध जताने पहुंचे स्थानीय निवासी मो. अकिल, मुजम्मिल अंसारी, विष्णु गुप्ता, अयूब अंसारी तथा बीडीसी हारून अंसारी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस टंकी से त्रिलोकपुर, केशरीपुर, कुरथरा, वादीपुरवा और कुटईबाग गांवों में पानी की आपूर्ति होती है। पिछले एक सप्ताह से सप्लाई बंद होने के कारण हजारों परिवारों को पीने के पानी और घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से स्थिति और गंभीर हो गई है। लोग दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि कई घरों में दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर में प्रत्येक शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर परिसर में इसी टंकी से पानी की व्यवस्था होती थी, लेकिन जलापूर्ति बंद होने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मामले में अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि खराबी की जांच कराई जा रही है। जल्द ही उपकरणों की मरम्मत कराकर पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

संबंधित समाचार