पंकज चौधरी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, भाजपा समर्थकों ने बताया- सपा की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर इंटरनेट मीडिया में की गई व्यक्तिगत टिप्पणी को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की गई टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है। जिले के भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी से कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
भाजपा नेताओं ने मामले की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। भाजपा महामंत्री विजय आनंद बाजपेई ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपनी हताशा और बौखलाहट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बयान ओछी मानसिकता और राजनीति के गिरते स्तर को दर्शाता है। उन्होंने सपा से सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने और मुद्दों पर बहस करने की नसीहत दी।

भाजपा समर्थक अधिवक्ता दयाशंकर श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी पर किया गया निजी हमला समाजवादी पार्टी की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को उजागर करता है। लोकतंत्र में वैचारिक विरोध का सम्मान किया जाता है, लेकिन अमर्यादित निजी हमले किसी भी सभ्य राजनीतिक परंपरा में स्वीकार्य नहीं हैं।
वहीं अजय श्रीवास्तव ने भी इस बयान पर विरोध जताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का राजनीतिक स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा संवाद और विचारों की राजनीति छोड़कर व्यक्तिगत हमलों और अराजकता की राह पर चल रही है।
