Bareilly: ठेले पर मरीज मामले की शुरुआती जांच में ‘साजिश’ की एंट्री

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में मरीज को ठेले पर ले जाने का वीडियो स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में लापरवाही तक सीमित नहीं रह गया है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक यह मामला साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।

वीडियो वायरल होते ही डीएम अविनाश सिंह ने एडीएम सिटी, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष सिंह और सीएमओ की तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी। साथ ही मरीज को रेफर करने वाले डॉक्टर से जवाब मांगा गया है। जांच में अब तक जो खुलासा हुआ है, वह यह कि वायरल वीडियो में ठेले पर दिखाई गई महिला जिला अस्पताल में भर्ती ही नहीं थी। हीराकली नाम की वृद्धा की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे अस्पताल से घर ले गए, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। 

यहीं से मामले ने नया मोड़ ले लिया। पहले ठेले पर महिला को हीराकली बताया गया था। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर वीडियो में दिखाई गई महिला कौन थी और उसे ठेले पर अस्पताल में क्यों घुमाया गया ? प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के साथ केवल एक व्यक्ति था, जिसने ठेले की व्यवस्था की थी। एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सिक्योरिटी गार्डों को फटकार लगाई। उन्होंने पूछा कि अस्पताल परिसर में ठेला आने की जानकारी किसी को कैसे नहीं हुई। डीएम ने कहा कि लापरवाही, साजिश या तथ्य छिपाने की कोशिश सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार