Moradabad: जिले में एचपीवी टीकाकरण की रफ्तार सुस्त, 10 मई तक 1045 किशोरियों को लगी वैक्सीन
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की गति अभी लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 38,700 किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन 18 मार्च से 10 मई तक केवल 1045 किशोरियों का ही टीकाकरण हो पाया है। इस अवधि में 308 सत्र प्रस्तावित थे, जिनमें से 304 सत्र आयोजित किए गए।
अभियान की प्रगति रिपोर्ट में जिला महिला अस्पताल सबसे आगे रहा। यहां 50 सत्रों में 261 किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई और केंद्र ने पहली रैंक प्राप्त की। सीएचसी भोजपुर ने 132 टीकाकरण के साथ दूसरा और सीएचसी ठाकुरद्वारा ने 120 टीकाकरण के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सीएचसी कांठ, डिलारी और कुंदरकी का प्रदर्शन भी संतोषजनक है। दूसरी ओर कुछ स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली चिंता का विषय बनी हुई है। सीएचसी बिलारी, पीएचसी रतनपुर कलां, पीएचसी रामपुर घोघर, पाकबड़ा और ताजपुर को वेरी स्लो परफॉर्मेंस श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम किशोरियों तक वैक्सीन पहुंच सकी है।
चिकित्साधिकारियों का मानना है कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और अभिभावकों की झिझक अभियान की गति प्रभावित कर रही है। ऐसे में अब स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने सभी ब्लॉकों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
इन केंद्रों ने दिखाई बेहतर प्रगति
जिला महिला अस्पताल - 261
सीएचसी भोजपुर - 132
सीएचसी ठाकुरद्वारा - 120
सीएचसी कांठ - 87
कमजोर प्रदर्शन वाले केंद्र
सीएचसी बिलारी - 25
पीएचसी रतनपुर कलां - 24
पीएचसी रामपुर घोघर - 40
पीएचसी पाकबड़ा - 62
