अयोध्या पहुंची महिला पहलवान विनेश फोगाट, रामलला-हनुमंतलला का लिया आशीर्वाद
अयोध्या, अमृत विचार: महिला कुश्ती में भारत का परचम लहराने वाली मशहूर महिला पहलवान विनेश फोगाट ने फिर से रिंग में उतरने की ठान ली है। हरियाणा के जुलाना से विधायक विनेश ने सोमवार को नंदिनीनगर में आयोजित नेशनल ओपन रेसलिंग रैंकिंग टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने से पहले अयोध्या में रामलला व हनुमंतलला का आशीर्वाद लिया। इसके पूर्व उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने जो मेहनत की है, हमें एक मौका मिलना चाहिए ताकि देश के लिए मेडल जीत सकें।
कहा कि प्रभु राम ने उन्हें आशीर्वाद देने के लिए बुलाया है और वह रामलला का आशीर्वाद लेकर नंदिनी नगर जाएंगी। अपने ऊपर लगे प्रतिबंध के जवाब में कहा कि देखा जाएगा, खेलती हूं कि नहीं खेलती हूं। कारण बताओ नोटिस पर विनेश ने स्पष्ट किया कि उन्हें जवाब देने का मौका मिला है और वह अपना पक्ष जरूर रखेंगी।
वहीं कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागिता पर उन्होंने कहा कि वहां जाना मानसिक दबाव वाला है, लेकिन खिलाड़ी को अपनी योग्यता प्रदर्शन के लिए खेल आयोजन में जाना ही पड़ता है।
