यूपी में बकरी पालन सब्सिडी योजना, मात्र 6000 में शुरू करें अपना व्यवसाय, गरीब और निराश्रित महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- बकरी पालन योजना में मांगे गए आवेदन, 90 प्रतिशत अनुदान - भूमिहीन, कृषि मजदूर, सीमांत किसान और निराश्रित व विधवा महिलाओं को मिलेगा लाभ

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बकरी पालन सब्सिडी योजना शुरू की है। योजना के तहत लाभार्थी को केवल छह हजार रुपये जमा करने होंगे, जबकि शेष 54 हजार रुपये राज्य सरकार अनुदान के रूप में देगी। इस राशि से एक बकरा और पांच बकरियों की यूनिट खरीदी जाएगी।

आकांक्षी जिलों में इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। योजना से गरीब और निराश्रित परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। इस संबन्ध में पशुपालन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पाण्डेय ने सभी जिलाधिकारियों एवं पशुपालन विभाग के निदेशक आदेश जारी कर दिया है।

एक यूनिट में क्या मिलेगा

योजना के तहत एक यूनिट में एक नर बकरा और पांच मादा बकरियां शामिल होंगी। इसके लिए लगभग 10 हजार रुपये का बकरा और नौ-नौ हजार रुपये की पांच बकरियां खरीदी जाएंगी। कुल लागत करीब 60 हजार रुपये होगी।

इन्हें मिलेगी प्राथमिकता

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। भूमिहीन महिला-पुरुष, विधवा, निराश्रित महिलाएं और बेरोजगार परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। भेड़ एवं बकरी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को भी वरीयता मिलेगी। उपलब्धता के अनुसार तीन प्रतिशत लाभार्थी दिव्यांगजन होंगे।

जिला स्तर पर होगी चयन प्रक्रिया

योजना के संचालन के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इसमें उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अध्यक्ष, संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्साधिकारी सदस्य सचिव और ग्राम प्रधान सदस्य होंगे। ग्राम प्रधान के अनुमोदन के बाद आवेदन समिति के पास भेजे जाएंगे। लाभार्थियों की सूची 20 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची के साथ तैयार की जाएगी।

ये भी पढ़ें :  
अयोध्या पहुंची महिला पहलवान विनेश फोगाट, रामलला-हनुमंतलला का लिया आशीर्वाद

संबंधित समाचार