आज का मौसमः 50KM की रफ्तार से आंधी और झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यूपी में अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने से पश्चिमी इलाकों में गर्मी से फौरी राहत मिली है जबकि पूर्वी क्षेत्र में अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में गरज-चमक, तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि के आसार हैं। अमरोहा,मुरादाबाद,संभल और अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश विशेष रूप से तराई और पश्चिमी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से फौरी राहत मिली।

मंगलवार को फिर मौसम करवट लेगा। कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके अलावा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इससे एक बार फिर पारा लुढ़कने के आसार हैं। लखनऊ में सोमवार को सुबह से तेज धूप निकली तो गर्मी फिर सताने लगी। 

दोपहर में गर्मी से पसीने छूटने लगा। लोग तेज धूप से बचने के लिए छाया की तलाश करने लगे। कई लोग तेज धूप से बचने के लिए छाते का सहारा लेते नजर आए। दोपहर में लोग घरों और कार्यालयों से बाहर कम निकले। गर्मी से बचने के लिए घरों में कूलर और एसी फिर चालू हो गए। अधिकतम तापमान करीब 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 36.3 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी मामूली बढ़कर 26.2 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग के अनुसार श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों में ओलावृष्टि की आशंका अधिक है। वहीं सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। 

13 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 से 16 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मुरादाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा तथा संभल के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह आसमान में घने काले बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरा पसर गया। 

तेज़ रफ़्तार हवाओं तथा गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान थोड़ी देर के लिए आवागमन थम गया। पछुआ हवाओं के ट्रफ के रूप में सक्रिय होने और ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार के कारण गरज-चमक के साथ 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली जिससे लोग घरों में कैद हो कर रह गए। मुरादाबाद में दिन निकलते ही शुरू हुई बारिश ने थमने का नाम नहीं लिया। तेज अंधड़ और बारिश के कारण सड़क यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा और दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, बारिश बंद होने तक जो जहां था वहीं रुक गया। 

हालांकि इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज़ अंधड़ ने आम बागानों और किसानों की चिंता बढ़ा दी। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली उपकरणों को अनप्लग रखने की सलाह दी है।

विभाग ने कहा है कि तेज हवाओं और वज्रपात से यातायात, बिजली व्यवस्था और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली और सब्जियों की फसलों को तेज हवाओं और ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है। 


ये भी पढ़ें : 
यूपी में बकरी पालन सब्सिडी योजना, मात्र 6000 में शुरू करें अपना व्यवसाय, गरीब और निराश्रित महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका

संबंधित समाचार