बाराबंकी : लापरवाही या घटिया सामग्री मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई, डीएम ने की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा
डीएम ने की 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के साथ 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
लापरवाही, अनावश्यक देरी या घटिया सामग्री मिलने पर संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में बताया गया कि जनपद की 67 परियोजनाओं में से 41 हस्तगत की जा चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाओं की प्रक्रिया जारी है। डीएम ने सभी परियोजनाओं को शीघ्र हस्तगत कर जनहित में संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए।
बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से स्पष्टीकरण तलब करने को भी कहा गया। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों, अन्नपूर्णा भवनों और प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। पर्यटन विकास कार्यों में धीमी प्रगति पर उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड को नोटिस जारी करने तथा सहर स्थित स्टेडियम निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला चिकित्सालय में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल, औसानेश्वर महादेव मंदिर, लालेश्वर शिव मंदिर, बाबू केडी सिंह स्मृति संग्रहालय, विभिन्न आईटीआई भवनों, राजकीय पॉलिटेक्निक छात्रावास, सतरिख पौधशाला, ट्रांजिट हॉस्टल और विभिन्न थानों के निर्माण कार्यों समेत कई परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा, डीडीओ, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
