Uttrakhand: सिडकुल से असम माल लेकर जा रहा ट्रक बीच रास्ते से गायब
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल से असम माल लेकर बीच रास्ते से ही ट्रक गायब होने का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन को माल गबन किए जाने की आशंका है। इसके लेकर कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने सिडकुल चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमरपुर जाफरपुर रुद्रपुर निवासी रविंद्र ने बताया कि वह एक डिलीवरी कंपनी में सुरक्षा इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कंपनी ने माल परिवहन के ब्रोकर संजय कुमार निवासी होली चौक आवास विकास रुद्रपुर के माध्यम से एक ट्रक हायर किया था। 9 अप्रैल 2026 को उस ट्रक में नेस्ले कंपनी सिडकुल रुद्रपुर से करीब 11 लाख 81 हजार 911 रुपये मूल्य का माल लोड कर असम के गुवाहाटी स्थित ब्रह्मपुत्र इंडस्ट्रियल पार्क के लिए भेजा गया।
रविंद्र ने बताया कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा। कंपनी की ओर से चालक नूहरा के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन लगातार बंद मिला। इसके बाद कंपनी को माल गबन किए जाने की आशंका हुई। रविंद्र ने बताया कि मामले की सूचना 13 अप्रैल को ही पुलिस चौकी सिडकुल में दे दी गई थी, लेकिन अब तक वाहन और माल का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने पुलिस से चालक और ब्रोकर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए माल बरामद कराने की मांग की है।
