Virat Kohli 9th IPL Century: कोहली के 'विराट' शतक ने कोलकाता को किया पस्त, प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर RCB

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

रायपुर। विराट कोहली (नाबाद 105) की दमदार शतकीय पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलरु ने बुधवार को बारिश के कारण 75 मिनट देर से शुरु हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स पर पांच गेंदें शेष रहते छह विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही आरसीबी फिर से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है। 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए जेकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। चौथे ओवर में कार्तिक त्यागी ने जेकब बेथेल (15) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़िक्कल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट लिए 92 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत की राह दिखाई। 14वें ओवर में कार्तिक ने पड़िक्कल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। पड़िक्कल ने 27 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 39 रन बनाये। 16वें ओवर में सुनील नारायण ने कप्तान रजत पाटीदार (11) का शिकार कर लिया। 

18वें ओवर की पांचवी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने (दो) को मनीष पांडे के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसर विकेट लिया। 19वें ओवर में विराट कोहली ने अपना नौवां आईपीएल शतक जड़ा। उन्होंने 58 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के लगाते हुए अपना शतक पूरा किया। यह केकेआर के खिलाफ उनका दूसरा शतक है। इस दौरान कोहली ने टी-20 में 409 पारियों में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गये।

उन्होंने क्रिस गेल के 423 पारियों के रिकार्ड को तोड़ा। आरसीबी ने 19.1 ओवर में 194 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 60 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 105 रनों की मैच विजयी पारी खेली। जितेश शर्मा आठ रन बनाकर नाबाद रहे। इसे पहले आज यहां अंगकृष रघुवंशी (71), रिंकू सिंह (नाबाद 49) और कैमरन ग्रीन (32) की शानदार पारियों के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 192 रनों का स्कोर खड़ा किया। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने फिन ऐलन आठ गेंदों में (18) को आउटकर आरसीबी को पहली सफलता दिलाई। 

इसके बाद पांचवें ओवर में जॉश हेजलवुड ने अजिंक्य रहाणे 13 गेंदों में (19) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कैमरन ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिये 68 रन जोड़े। 13वें ओवर में रसिख सलाम ने कैमरन ग्रीन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कैमरन ग्रीन ने 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। 

पारी की आखिरी गेंद पर अंगकृष्ण रघुवंशी रनआउट हुये। कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 192 रनों का स्कोर बनाया। अंगकृष रघुवंशी ने 46 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 71 रनों की पारी खेली। रिंकू सिंह ने 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 49 रन बनाये। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जॉश हेजलवुड ने एक-एक विकेट लिये।

ये भी पढ़ें :
UP T20 League : कानपुर के ग्रीनपार्क में होगा क्रिकेट का महाकुंभ, 1 जून से खुलेगी ट्रांसफर विंडो, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी चमक दिखाने का मौका

संबंधित समाचार