बाराबंकी : पैदल चलने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की मुहिम तेज, डीएम ईशान सिंह पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट
सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने भी कर्मचारियों को दिए निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की मुहिम तेज होती दिख रही है। गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह अपने आवास से कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचे और जनपदवासियों को नियमित रूप से पैदल चलने तथा ईंधन की बचत करने का संदेश दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह भी उनके साथ पैदल चले। डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से नियमित पैदल चलने, पेट्रोलियम पदार्थों की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक बदलावों से राष्ट्रहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। वहीं पीएम की अपील के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी सकारात्मक पहल शुरू की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने तथा सरकारी एवं निजी वाहनों का कम से कम प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने कहा कि वह स्वयं भी इसपर अमल करते हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रहित से जुड़ा विषय बताते हुए सभी से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने और आमजन को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस पहल से ईंधन की बचत, यातायात का दबाव कम होने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। सीएमओ ने कहा कि यह अभियान केवल निर्देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे व्यवहार में भी लागू किया जाएगा। क्योंकि यदि सरकारी विभाग इस तरह की अपीलों को गंभीरता से लागू करें तो इसका सीधा संदेश आम जनता तक पहुंचेगा और लोग भी प्रेरित होंगे।
