बाराबंकी : बुढ़वल स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, पंजाब-जम्मू जा रहे सात नाबालिग बच्चों को किया बरामद, चाइल्ड लाइन को सौंपा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/ बाराबंकी, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बुढ़वल की टीम ने गुरुवार को गाड़ी संख्या 15211 से सात नाबालिग बालकों को बरामद किया, जो बिना अभिभावकों के पंजाब और जम्मू जाने के लिए यात्रा कर रहे थे। बच्चों के बाल मजदूरी में फंसने की आशंका पर उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन को सुपुर्द कर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक जसवीर सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामबाबू तथा संवाद सामाजिक संस्थान के प्रोग्राम मैनेजर आलोक मिश्रा ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन में कुछ बच्चे डरे-सहमे हालत में अकेले सफर कर रहे हैं और उन्हें अपने गंतव्य की सही जानकारी भी नहीं है।

ट्रेन के बुढ़वल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंचने पर टीम ने जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच संख्या 255602 से चार और कोच संख्या 255580 से तीन बच्चे बरामद किए गए। पूछताछ में सभी बच्चों ने बताया कि वे काम की तलाश में घर से पंजाब और जम्मू जा रहे थे।

बरामद बच्चों में बिहार के बेतिया, सुपौल और मोतिहारी जिलों के रहने वाले किशोर शामिल हैं, जिनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। आरपीएफ ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद फर्द सुपुर्दगीनामा तैयार कर सभी सातों बच्चों को काउंसिलिंग और अग्रिम कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर रोहित वर्मा को सौंप दिया गया।

संबंधित समाचार