Bareilly : ईंधन बचत की पहल, समाधान दिवस में ई-बस से पहुंचेंगे अधिकारी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्रशासन ने सोमवार और शनिवार को नो-व्हीकल डे का लिया निर्णय

बरेली, अमृत विचार। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और ऊर्जा संकट की आशंकाओं के बीच बरेली प्रशासन ने ईंधन बचत को लेकर नई पहल शुरू की है। शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिले के वरिष्ठ अधिकारी सरकारी निजी वाहनों की बजाय ई-बस से तहसील मीरगंज पहुंचेंगे। प्रशासन का उद्देश्य ईंधन संरक्षण के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा और लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता भगत सिंह समेत कई अधिकारी ई-बस से पहुंचेंगे। प्रशासन ने सोमवार और शनिवार को नो-व्हीकल डे के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इन दिनों अधिकारियों को निजी और सरकारी वाहनों के सीमित उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ती ईंधन खपत और प्रदूषण के बीच ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी नीति नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी बन चुका है। प्रशासन की इस पहल को मितव्ययिता, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि यदि अधिकारी स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो आम लोगों में भी ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा। ई-बस से यात्रा को प्रतीकात्मक शुरुआत मानते हुए भविष्य में ऐसे अभियानों को और व्यापक बनाने की तैयारी की जा रही है।

संबंधित समाचार