चिल्ला एलिवेटेड रोड से NCR को मिलेगी जाम से राहत, 892 करोड़ की परियोजना जल्द होगी तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक 5.57 किमी की 6 लेन सड़क बनेगी

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंफ्रास्ट्रक्चर विजन को नई गति देते हुए नोएडा और दिल्ली के बीच बहुप्रतीक्षित चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना तेजी से आकार ले रही है। 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह 5.57 किलोमीटर लंबी छह लेन एलिवेटेड रोड एनसीआर के लाखों यात्रियों को जाम से राहत देगी। परियोजना का 52 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।

यह एलिवेटेड रोड दिल्ली के मयूर विहार से शुरू होकर नोएडा के चिल्ला रेगुलेटर के पास से होते हुए महामाया फ्लाईओवर तक जाएगी। इसके पूरा होने के बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा अधिक तेज, सुगम और प्रदूषणमुक्त होने की उम्मीद है।

डीएससी रोड के जाम से मिलेगी राहत

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान के अनुसार, परियोजना का उद्देश्य डीएससी रोड और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी भारी ट्रैफिक समस्या का समाधान करना है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद मयूर विहार, सेक्टर 14ए, 15ए, 16 और 18 से यातायात सीधे महामाया फ्लाईओवर और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेगा।

52.11 प्रतिशत भौतिक प्रगति

उप्र. राज्य सेतु निगम द्वारा निर्माणाधीन इस परियोजना में अब तक 1567 में से 1303 पाइल तैयार हो चुके हैं, 271 में से 184 पाइल कैप पूर्ण और 1310 में से 410 गर्डर स्थापित हो चुके हैं। परियोजना की भौतिक प्रगति 52.11 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 42.57 प्रतिशत दर्ज की गई है।

पांच एंट्री-एग्जिट रैंप होंगे

एलिवेटेड रोड पर पांच प्रमुख एंट्री और एग्जिट रैंप बनाए जा रहे हैं, ताकि नोएडा और दिल्ली के विभिन्न सेक्टरों के बीच निर्बाध यातायात सुनिश्चित किया जा सके। इससे यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और ईंधन की बचत भी होगी।

संबंधित समाचार