Bareilly: डीएलएड स्टूडेंट कातिल बॉय फ्रेंड गिरफ्तार, हाफ एनकाउंटर में लगी गोली
बरेली/ सीबीगंज। डीएलएड स्टूडेंट नीतू गंगवार की हत्या कर फरार हुए उसके बॉयफ्रेंड अशोक गंगवार को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश की। एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी है। सोशल मीडिया पर छात्रा की दूसरों से दोस्ती से कुपित होकर उसने गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव सीबीगंज क्षेत्र में हाईवे के पास फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोक गंगवार रामपुर में थाना कैमरी क्षेत्र के गांव लखीमपुर भिका का निवासी है। शीशगढ़ के गांव मानपुर निवासी नीतू के पिता सोमपाल गंगवार कॉलेज संचालक हैं। वहां प्रवेश के लिए आने-जाने के दौरान कुछ साल पहले अशोक की छात्रा से करीबियां हो गई थीं। वह नीतू के साथ फरीदपुर परीक्षा दिलाने भी जाता था।
छात्रा के मोबाइल में कुछ फोटो-वीडियो देखकर वह ईष्या मान बैठा और बहाने से उसको सीबीगंज क्षेत्र में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार रात पुलिस घेराबंदी के दौरान अशोक ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद वह पकड़ा गया। एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि ईष्या से ग्रसित होकर आरोपी ने छात्रा की हत्या की थी। पूछताछ में हत्याकांड का राज सामने आ गया है।
