भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम मे राजस्थान का लाल, परिजनों में खुशी की लहर; IPL 2026 में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं युवा क्रिकेटर
जयपुर। राजस्थान के आल राउंडर मानव सुथार का भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में चयन होने से राज्य में क्रिकेट प्रेमियों में ख़ुशी की लहर लहर दौड़ गई हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव एवं समस्त एडहॉक कमेटी ने मानव सुथार को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) सीनियर चयन कमेटी द्वारा अफ़ग़ानिस्तान के विरूद्व आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चयनित किये जाने का स्वागत किया है।
एडहॉक कमेटी एवं समस्त राजस्थान क्रिकेट जगत की तरफ से मानव सुधार को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। बारह वर्ष बाद राजस्थान के खिलाडी का भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ हैं। इससे पूर्व राजस्थान के टेस्ट खिलाड़ी सलीम दुर्रानी, हनुमंत सिंह, पार्थसारथी शर्मा एवं पंकज सिंह भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में खेल चुके हैं।
श्रीगंगानगर के मानव सुथार अफगानिस्तान दौरे के लिए चुने गए
राजस्थान में श्रीगंगानगर के क्रिकेट इतिहास में मंगलवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया जब उदीयमान लेफ्ट-आर्म स्पिनर मानव सुथार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।
यह उनकी पहली भारतीय टेस्ट टीम में जगह है और वह श्रीगंगानगर जिले के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्हें टेस्ट क्रिकेट का सम्मान मिला है। मानव सुथार एक कलात्मक स्पिनर हैं जो गेंद को फ्लाइट, टर्न और गत विविधता के जरिए बल्लेबाजों को परेशान करने में माहिर हैं।
वह निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं और खुद को एक सक्षम गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में स्थापित कर चुके हैं। तीन अगस्त 2002 को जन्में मानव फिलहाल आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम की ओर से खेल रहे हैं। मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है।
वर्ष 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में राजस्थान के लिए छह मैचों में 39 विकेट लेकर वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए थे। उन्होंने इस दौरान दो अर्धशतक भी जड़े। दलीप ट्रॉफी 2024 में इंडिया सी के लिए इंडिया डी के खिलाफ एक पारी में सात विकेट (7/49) लेकर उन्होंने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।
श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विनोद सहारण ने इस खुशखबरी की पुष्टि की। उनके कोच धीरज शर्मा, पिता जगदीश सुथार स्कूल शिक्षक और पूरे परिवार में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। शहर भर में मानव को बधाइयों का तांता लग गया है।
ये भी पढ़ें :
IPL Orange Cap : ऑरेंज कैप रेस में पहुंचे सनराइजर्स के धुरंधर, क्लासेन नंबर-1, अभिषेक-इशान की एंट्री
