यूपी रोडवेज बसों की लाइव ट्रैकिंग से सफर हुआ सुरक्षित, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में जुटी योगी सरकार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-13,500 से अधिक बसें वीएलटीडी से जुड़ीं, 16 लाख यात्रियों की हर दिन डिजिटल निगरानी -कमांड सेंटर से ड्राइवरों की गतिविधियों पर नजर, पैनिक बटन से तुरंत मिल रही मदद

लखनऊ, अमृत विचार: परिवहन निगम अब यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा ले रहा है। योगी सरकार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से रोडवेज बसों की लाइव ट्रैकिंग व्यवस्था को मजबूत कर रही है। प्रदेश की 13,500 से अधिक रोडवेज बसों को व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) से जोड़ा जा चुका है। इन बसों में प्रतिदिन 16 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा पर अब लखनऊ स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से 24 घंटे नजर रखी जा रही है। 

यूपीएसआरटीसी अधिकारियों के अनुसार बसों की ओवरस्पीडिंग, तेज ब्रेक, तेज मोड़, निर्धारित रूट से विचलन और गति सीमा उल्लंघन जैसी गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए मुख्यालय के साथ 20 रीजनल मॉनिटरिंग सेंटर भी सक्रिय हैं। हर दिन रिपोर्ट तैयार की जाती है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ चेतावनी या कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। अधिकारियों का दावा है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिली है।

सरकार का मानना है कि तकनीक आधारित मॉनिटरिंग से न केवल यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि परिवहन व्यवस्था अधिक जवाबदेह और पारदर्शी भी बनेगी। डिजिटल निगरानी प्रणाली से बस संचालन, रूट प्रबंधन और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है।

पैनिक बटन से तुरंत पहुंच रही मदद

यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बसों में पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। किसी आपात स्थिति या हादसे के दौरान पैनिक बटन दबाते ही अलर्ट सीधे यूपीएसआरटीसी कमांड सेंटर और यूपी पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच जाता है। इसके बाद संबंधित बस चालक और परिचालक से तुरंत संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। रोडवेज के अनुसार प्रतिदिन 5 हजार से अधिक अलर्ट प्राप्त होते हैं, जिनके आधार पर जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

यात्री खुद भी देख सकते हैं बस की लोकेशन

यात्रियों की सुविधा के लिए यूपीएसआरटीसी ने “ट्रैक माई बस” सुविधा भी शुरू की है। यात्री मार्गदर्शी पोर्टल और निगम की वेबसाइट के जरिए अपनी बस की लाइव लोकेशन कहीं से भी देख सकते हैं। इससे यात्रियों को बस के आगमन और यात्रा संबंधी जानकारी समय पर मिल रही है।

ये भी पढ़ें :
बकरीद पर गोरखपुर में 24 घंटे चलेगा विशेष सफाई अभियान, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

संबंधित समाचार