बाराबंकी डीएम का निर्देश- तय स्थान पर ही लगे साप्ताहिक सट्टा बाजार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की हुई बैठक

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में व्यापारियों, उद्यमियों और श्रमिकों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डीएम ने समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए।  वाणिज्य बंधु समिति की समीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग और अतिक्रमण के मुद्दों पर चर्चा हुई। 

डीएम ने निर्देश दिया कि साप्ताहिक सट्टा बाजार निर्धारित स्थान पर ही लगे। उस स्थान के अलावा सड़क पर किसी भी प्रकार की बाजार न लगाई जाए। ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने तथा परिवहन निगम की बसों का संचालन केवल तय स्थलों से कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही नगर क्षेत्र में अव्यवस्थित विद्युत तारों और अतिक्रमण संबंधी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों, औद्योगिक निवेश तथा औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन, सड़क, विद्युत, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई, जबकि औद्योगिक क्षेत्र माती में सड़क और जल निकासी कार्यों की भी समीक्षा की गई। 

भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने अग्निशमन विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में एएसपी उत्तरी विकास चन्द्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी प्रतिनिधि तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार