Gonda News : बबूल के पेड़ से लटकता मिला प्रेमी युगल का शव, गांव में सनसनी
कटरा बाजार/गोंडा, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव के मजरा नसीरपुर में बुधवार देर शाम प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युगल ने बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक की पहचान उमेश (18) पुत्र कोयले निवासी रमवापुर गौरिया थाना रानीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है, जबकि मृतका चांदनी (16) पुत्री छबीले निवासी नसीरपुर (मौजा खेमपुर) थाना कटरा बाजार बताई गई है।
मृतका के पिता छबीले ने बताया कि उनकी बेटी बुधवार शाम शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर तलाश शुरू की गई। इसी बीच एक राहगीर ने सूचना दी कि रामकेवल के खेत में लगे बबूल के पेड़ से एक युवक और युवती के शव लटके हुए हैं। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने दोनों की पहचान चांदनी और उमेश के रूप में की। परिजनों के अनुसार दोनों आपस में रिश्तेदार थे।
बताया गया कि युवक, युवती की बहन का देवर था और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। निरीक्षक अपराध मनोज पाठक ने बताया कि खेमपुर के मजरा नसीरपुर में एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटकते मिले हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
