मिर्जापुर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मिर्जापुर से एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उससे लगभग 1.6 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की 13 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त की गई हैं। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एएनटीएफ के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आरोपी की पहचान वाराणसी के रहने वाले अजय कुमार यादव उर्फ ​​अजीत के रूप में हुई है, जिसे एएनटीएफ की लखनऊ इकाई ने मंगलवार को मिर्जापर के कोतवाली कटरा इलाके में लोहंडी मार्ग से गिरफ्तार किया।

 सूत्रों के अनुसार, आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 13074 बोतलें तथा कुछ अन्य सामान बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में मिर्जापुर के कोतवाली कटरा थाने में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि वह और उसके साथी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। एएनटीएफ ने कहा कि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के प्रयास जारी हैं।  

संबंधित समाचार