Bareilly News: बेटे ने किया रिश्तों को शर्मसार, बना बाप के खून का प्यासा, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
बरेली, अमृत विचार। यूपी के बरेली में रिश्तो को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। एक युवक पर शराब के नशे में ऐसा खून सवार हुआ कि बुजुर्ग बाप को ही पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
शराब पीकर की मारपीट
घटना कैंट थाना इलाके के कांधरपुर गांव की है। बुजुर्ग काशीराम यहां अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार देर रात काशीराम का बेटा घर में शराब पीकर आया। बाप से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद उसने पिता को पीटना शुरू कर दिया।
पिता को बचाने आई बहन को पीटा
आरोपी युवक नशे में पिता को पीट रहा था तो उसकी बहन बीच बचाव कराने आई। मगर उसके ऊपर तो खून सवार था। लिहाजा उसने बहन को भी पीटना शुरू कर दिया। पिता को तब तक पीटता रहा जब तक अधमरा नहीं कर दिया। पिटाई के बाद काशीराम की हालत बुरी तरह बिगड़ गई।
अस्पताल में काशी राम ने तोड़ा दम
बेटे की पिटाई में गंभीर रूप से घायल काशीराम को घर वाले आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनका इलाज शुरू किया गया। मगर अस्पताल में काशीराम ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना था कि समय से इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।
