हल्द्वानी: जजी के ताले टूटने पर दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ, जिला जज के आदेश पर चौकीदार निलंबित
अमृत विचार, हल्द्वानी। जजी में दो न्यायाधीशों की अदालत के ताले टूटने पर कोर्ट के चौकीदार पर गाज गिरी है। जिला जज राजेंद्र जोशी के आदेश पर चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में प्रथमदृष्टया चौकीदार की लापरवाही को घटना का कारण माना जा रहा है। इस मामले के शिकायतकर्ता और दीवानी …
अमृत विचार, हल्द्वानी। जजी में दो न्यायाधीशों की अदालत के ताले टूटने पर कोर्ट के चौकीदार पर गाज गिरी है। जिला जज राजेंद्र जोशी के आदेश पर चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में प्रथमदृष्टया चौकीदार की लापरवाही को घटना का कारण माना जा रहा है। इस मामले के शिकायतकर्ता और दीवानी न्यायालय के डिप्टी नाजिर पूरन चंद्र जोशी ने इसकी पुष्टि की है।
उधर दूसरे दिन भी पुलिस अज्ञात आरोपी को ट्रेस नहीं कर पाई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस का पूरा जोर सर्विंलांस पर है। इसके तहत नैनीताल रोड जजी के आस-पास के कैमरे खंगालने के साथ ही घटना के वक्त कोर्ट में सक्रिय मोबाइल नंबरों को खंगाला जा रहा है। मौके से मिले एक फिंगर प्रिंट की जांच कराई जा रही है। डॉग स्कवॉयड घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जजी परिसर के बाहर सड़क तक जाकर वापस लौट आया था। इससे माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जजी के बाहर कार में बैठकर चला गया होगा।
हालातों से वाकिफ शख्स ने की वारदात
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद वारदात में शक की सुई किसी परिचित शख्स पर आकर टिक गई है। पुलिस का मानना है कि अदालत के हालातों से वाकिफ किसी शख्स ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। दरअसल एसीजेएम कोर्ट का ताला उसकी चाबी से ही खोला गया था। पिछले कार्यदिवस पर न्यायिक कर्मी कोर्ट में ताला लगाकर चौखट के ऊपर चाबी रख गए थे। वारदात करने वाले शख्य को इसका पता था। दूसरी ओर जेएम कोर्ट के भीतर की अलमारियों को भी उनकी चाबी से ही खोला गया था।
