लखनऊ में भीषण सड़क हादसा! फैजाबाद रोड पर रोडवेज बस और DCM ने स्कॉर्पियो के उड़ाए परखच्चे, मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः लखनऊ के बीबीडी फैजाबाद रोड पर आज सुबह तड़के एक बेहद भीषण सड़क हादसा सामने आया है। दयाल रीजेंसी के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस और एक डीसीएम ने मिलकर एक स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 5:00 बजे का है। घटना के वक्त स्कॉर्पियो वाहन में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान शतत यादव और उनके भांजे आदित्य यादव के रूप में हुई है, जो कार चला रहे थे। भोर के समय हुए इस दोहरे एक्सीडेंट के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों घायलों को बाहर निकाला। हादसे की भयावहता को देखते हुए दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर फैजाबाद रोड पर यातायात सुचारू रूप से चालू करवाया है और मामले की जांच में जुट गई है।

 

संबंधित समाचार