UP News: पहले बांके से किया हमला फिर गला दबाकर की बेटे की हत्या, भूसे में छिपा दिया शव
भानपुर, अमृत विचार। भीरा थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब के नशे में धुत पिता ने पहले बेटे पर बांके से हमला किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर में भूसे के नीचे छिपा दिया, ताकि घटना का खुलासा न हो सके। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
शराब के नशे में थे बाप-बेटा
भवानीपुर निवासी करीब 55 वर्षीय दयाराम और उसका 30 वर्षीय बेटा मुनीश पासी शराब के नशे में थे। बताया जा रहा है कि मुनीश की शराब पीने की आदत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। सुबह करीब सात बजे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान मुनीश ने पहले पिता पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे दयाराम गिरकर घायल हो गया।
बांके से हमला, फिर गला दबाया
गुस्से में बेकाबू पिता ने पास में रखा बांका उठाकर बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद उसने मुनीश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पिता ने शव को घर में रखे भूसे के अंदर छिपा दिया और पूरे दिन घटना को दबाने की कोशिश करता रहा। घटना के बाद घर में असामान्य सन्नाटा और गतिविधियां बंद होने पर ग्रामीणों को शक हुआ। मृतक की बुआ रूपरानी ने पुलिस को सूचना दी कि मुनीश की हत्या कर शव छिपाया गया है। सूचना मिलते ही भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और घर में रखे भूसे से शव बरामद कर लिया। हत्या में इस्तेमाल बांका भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
जानिए क्या कह रही पुलिस
भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि घटना के समय पिता-पुत्र दोनों शराब के नशे में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहले बेटे ने पिता पर हमला किया था। इसके बाद गुस्से में पिता ने बांके से हमला कर गला दबा दिया, जिससे बेटे की मौत हो गई। आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहन से विवाद बना मौत की वजह
गांव वालों के मुताबिक मुनीश का अपनी छोटी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर पिता ने बेटे को समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्रामीणों का मानना है कि परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा तनाव और शराब की लत इस घटना की बड़ी वजह बनी। मुनीश की हत्या के बाद उसका शव करीब 18 घंटे तक घर में ही छिपाकर रखा गया। माना जा रहा है कि आरोपी पिता शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था, ताकि किसी को वारदात की भनक न लग सके, लेकिन समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई और मामला खुल गया।
