लखीमपुर खीरी : सिंबा का आतंक खत्म, नगर पालिका ने खतरनाक कुत्ते को पकड़ा
काशी नगर में दहशत का बना था कारण
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के काशी नगर मोहल्ले में पिछले कई महीनों से दहशत का पर्याय बने सिंबा’ नाम के कुत्ते का आतंक आखिरकार खत्म हो गया। नगर पालिका परिषद की टीम ने गुरुवार को कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका की कार्रवाई की सराहना की।
स्थानीय लोगों के अनुसार सिंबा नाम का यह कुत्ता अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर देता था। मोहल्लेवासियों का दावा है कि वह अब तक करीब 100 लोगों को काट चुका था। उसके डर से छोटे बच्चे गलियों में खेलने तक नहीं निकलते थे, जबकि महिलाएं और कामकाजी लोग भी घरों से बाहर निकलने में डर महसूस करते थे। काशी नगर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर पालिका परिषद लखीमपुर ने मामले का संज्ञान लिया। गुरुवार रो कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार सिंबा को पकड़ने में सफलता हासिल की। कुत्ते के पकड़े जाने के दौरान मोहल्ले में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जैसे ही नगर पालिका की टीम सिंबा को लेकर रवाना हुई, लोगों ने राहत जताई। मोहल्लेवासियों का कहना है कि लंबे समय बाद अब बच्चे बिना डर के बाहर निकल सकेंगे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से नगर पालिका से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। कई लोग कुत्ते के हमले में घायल होकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने को मजबूर हुए। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद आखिरकार प्रशासन ने अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया।
अब लोगों ने नगर पालिका से शहर में घूम रहे अन्य आक्रामक आवारा कुत्तों के खिलाफ भी अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
