Stock market closed : कम बारिश के डर से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट; इन सेक्टर्स के शेयरों में हाहाकार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। मौसम विभाग द्वारा इस साल मानसून के कमजोर रहने की भविष्यवाणी से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स लगभग 1,100 अंक टूट गया। बढ़त में खुलने का बाद सेंसेक्स 1,092.06 अंक (1.44 प्रतिशत) लुढ़ककर 74,775.74 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 359.40 अंक यानी 1.5 प्रतिशत नीचे 23,547.75 अंक पर आ गया। भारतीय मौसम विभाग ने आज सुबह बताया कि इस साल मानसून सीजन में दीर्घावधि औसत के 90 प्रतिशत के आसपास बारिश होने की उम्मीद है, यानी मानसून औसत से कम रहेगा। कमजोर मानसून की चिंता में बाजार में बिकवाली शुरू हो गयी। 

वृहत बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.85 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। आईटी (0.60 प्रतिशत की बढ़त) को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। तेल एवं गैस, धातु, ऑटो, बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, फार्मा, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में बिकवाली ज्यादा देखी गयी।

सेंसेक्स की कंपनियों में पावर ग्रिड का शेयर करीब साढ़े तीन प्रतिशत लुढ़क गया। इंडिगो में सवा तीन प्रतिशत और एनटीपीसी तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा में पौने तीन प्रतिशत की गिरावट रही। टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनीलिवर, इटरनल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी दो प्रतिशत से ज्यादा टूटे। बीईएल, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर एक से दो प्रतिशत तक लुढ़क गये।

कोटक महिंद्रा बैंक, अडानी पोर्ट्स, ट्रेंट और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए। टेक महिंद्रा का शेयर लगभग दो प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का डेढ़ प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा। एलएंडटी में भी तेजी रही। 

ये भी पढ़ें  : 
Stock Market Closed : ऊर्जा, बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार में दूसरे दिन गिरावट; सेंसेक्स 142 अंक टूटा

संबंधित समाचार