Moradabad News: तेज आंधी, तूफान से हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड पर गिरा पेड़, कुछ देर बाधित रहा रेलखंड

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को भयंकर आंधी, तेज तूफान के कारण हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड के मध्य किलोमीटर संख्या 30/11-12 पर दोपहर बाद लगभग 15:40 बजे एक पेड़ ओवरहेड विद्युत तार (ओएचई) एवं रेल मार्ग पर गिर गया। जिससे रेल परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कंट्रोल रूम में मार्गदर्शन द्वारा मुरादाबाद मंडल के परिचालन, विद्युत एवं इंजीनियरिंग विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई। टावर वैगन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। जो मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य आरंभ कर दिया। 

अधिकारियों एवं कर्मचारियों के त्वरित प्रयासों से क्षतिग्रस्त ओएचई को कम समय में ठीक कर लिया गया। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता एवं कुशल कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप शाम 16:40 बजे रेल ट्रैक को सुरक्षित रूप से रेल संचालन के फिट कर दिया गया। शाम 19.10 बजे ओएचई को भी फिट कर ट्रेनों का सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया।

सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान कुछ रेलगाड़ियों को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया, जिनमें डाउन दिशा की गाड़ी संख्या 22546 देहरादून- लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कुछ गाड़ियों को मार्ग में रोकना पड़ा तथा पुनर्निर्धारित समय द्वारा गाड़ियों का संचालन नियमित किया गया।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने घटना के दौरान सभी विभागों द्वारा प्रदर्शित तत्परता एवं समन्वय की सराहना की। कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

 

संबंधित समाचार